महिला की जान बचाई नेपाली प्रधानमंत्री ने माधव नेपाल ने महिला की मदद के लिए काठमांडू में कैबिनेट की बैठक स्थगित कर दी नेपाल के प्रधानमंत्री माधव कुमार नेपाल ने एक शानदार उदाहरण पेश करते हुए एक गर्भवती महिला को मौत के मुँह में जाने से बचा लिया है. नेपाली प्रधानमंत्री ने एक दुर्गम इलाक़े से इस महिला को अपना हेलिकॉप्टर भेजकर काठमांडू पहुँचवाया जिससे उसकी जान बच सकी. माधव कुमार नेपाल उत्तर-पश्चिमी नेपाल के शहर नेपालगंज में एक सरकारी कार्यक्रम में हिस्सा लेने गए हुए थे. काम ख़त्म होने के बाद प्रधानमंत्री को नेपालगंज से काठमांडू लौटना था जहाँ कैबिनेट की बैठक होनी थी. लेकिन तभी प्रधानमंत्री को एक कार्यकर्ता ने फ़ोन कर बताया कि दुर्गम पहाड़ी ज़िले रूकुम में एक गर्भवती महिला की प्रसव के दौरान स्थिति बिगड़ गई है और उसे चिकित्सा के लिए काठमांडू भेजना ज़रूरी है. ये सुनकर प्रधानमंत्री ने तत्काल अपने पायलट को हेलिकॉप्टर लेकर रूकुम जाने और उस महिला को काठमांडू पहुँचाने का आदेश दिया. प्रधानमंत्री ने काठमांडू में अपनी कैबिनेट की बैठक को भी स्थगित कर दिया. इसके बाद हेलिकॉप्टर से कमला चंद नामक इस महिला को काठमांडू पहुँचाया गया जहाँ उसकी जान बचाई जा सकी. मगर महिला के बच्चे को नहीं बचाया जा सका और चिकित्सकों का कहना है कि यदि महिला के अस्पताल पहुँचने में थोड़ी भी देर होती तो उसकी जान जोख़िम में पड़ सकती थी. महिला जिस रूकुम ज़िले की रहनेवाली है, वह ज़िला अत्यंत दुर्गम इलाक़ा है. नेपाल में माओवादियों के हिंसक आंदोलन के दौरान रूकुम को माओवादियों का गढ़ समझा जाता था. नेपाली प्रधानमंत्री के इस मानवीय प्रयास की नेपाल में भरपूर सराहना की जा रही है.
meh_nepali · Sep 11, 2009 3:53 PM
This conversation is preserved exactly as it was on the original Sajha.com and can't accept new replies.
Start a New Discussion